Breaking News

अद्भुत ज्ञानी और चमत्कारिक मसीहा है

एक जंगल मे एक पेड़ पर उल्लू रहता था। अंधेरी रात में जब वो ऊपर बैठा था तो पेड़ के पास दो छछुंदर निकले। इधर-उधर उन्होंने देखा कि कोई देख तो नहीं रहा है।

तभी ऊपर से उल्लू बोल पड़ा – हू !!

छछुंदर घबराए और एक ने दूसरे को बोला कि हू मतलब आप कौन! कान खड़े हो गए।

दूसरा छछुंदर बोला अरे यार कोई देख रहा है! दोनों घबराए! चर्चा करने लगे कि यह तो अंग्रेजी बोलने वाला है! फिर हिम्मत की और दूसरा सवाल पूछा बताओ हम कितने है?

फिर उल्लू उवाच-हू

एक छछुंदर दूसरे से -अरे यार! इसको तो सच मे दिख रहा है अंधेरे में! बोल रहा है टू मतलब दो!

छछूंदरों ने यह बात अपने राज्य की मीडिया व राजनेताओं को बताई! खबर मंत्रिमंडल तक पहुंच गई। भाई ऐसा चमत्कारिक मसीहा जो अच्छी अंग्रेजी जानता हो और रात के अंधेरे में भी देख सकता हो वो ही राज्य की सारी समस्याओं का समाधान कर सकता है।

दो पत्रकार छछुंदर के साथ जंगल में उस पेड़ के पास पहुंचे और लाइव टेलीकास्ट शुरू कर दिया और एक ने पूछा कि महाशय अब आप बताइए हम कितने पत्रकार है?

उल्लू बोला- हू

एक पत्रकार बोला! वाकई अद्भुत ज्ञानी और चमत्कारिक मसीहा है और हम अंधेरे से लाइव टेलीकास्ट में जनता को बता रहे हैं और आप सुन पा रहे हैं कि इनको जो सवाल पूछा गया था और सटीक जवाब दे दिया गया! वाक़ई लाजवाब! एकदम ब्रिटिश अंग्रेजी में! बहुत विद्वान जान पड़ रहे हैं!

सारे राज्य की जनता टीवी पर टकटकी लगाने लगी और मंत्रिमंडल के सदस्य उनको शामिल होने के लिए न्यौता देने पहुंच गए कि आप आइए हमारे साथ जनसेवा में लगकर मार्गदर्शन करिये।

तभी एक पत्रकार ने पूछा कि हो सकता है कि इस महापुरुष को सिर्फ रात में ही दिखाई दे और दिन में दिखाई न दे?

मगर सारी जनता,पत्रकार,राजनेता उस पर हंसने लगे! माहौल ही ऐसा था कि जब हुजूम उमड़ पड़ा हो और ऐसा तार्किक सवाल कोई पत्रकार कर बैठे तो या तो लोग पागल समझकर हंसेंगे या गाली देंगे!

उल्लू को लगा कि बहुत बढ़िया मौका हाथ लगा है! भला हो इन छछूंदरों का कि मुझे महान नेता व मसीहा घोषित कर दिया! यह मौका हाथ से जाना नहीं चाहिए! मन मे घबराहट भी थी कि कहीं पोल न खुल जाए!

मंत्रीजी के निवेदन के बाद राष्ट्रपति बनना स्वीकार कर लिया व उनके साथ चल दिये! तब तक सुबह भी हो रही थी! उल्लू की आंखों के सामने झाइंया बन रही थी!डर के मारे धीरे-धीरे चल रहे थे!

सारा मंत्रिमंडल, मीडिया,जन समूह साथ चल रहा था।उल्लू के मन मे घबराहट बढ़ती ही जा रही थी क्योंकि तेज धूप में दिखना ही बंद हो जाएगा। इसलिए और गति धीमी हो गई!

मीडिया लाइव टेलीकास्ट दिखा रहा था!देखिये कैसे धीरे-धीरे,गंभीर चाल में चल रहे है मसीहा जी! वाकई इनकी चाल में जिस तरह की गंभीरता दिख रही है उसके हिसाब से लग रहा है राज्य की कायापलट होकर रहेगी! अब कोई राजनेता बेवकूफ नहीं बना पाएगा!

जनता की भीड़ लाखों की संख्या में जुटी हुई पीछे चल रही है। जैसे-जैसे धूप बढ़ी और उल्लू जी को दिखाई देना बंद हो गया! अब रास्ते से उतरकर झाड़ियों से चलने लगे! पीछे-पीछे जनता भी! कईयों के कपड़े फट गए,कइयों को कांटे चुभ रहे थे मगर यह कहकर चुप करवाया जा रहा था कि राष्ट्र निर्माण के लिए कष्ट तो सहने ही पड़ेंगे! बेचारे सहन करते रहे।

आगे बढ़े तो उल्लू जी गड्ढों में गिरने लगे व उठने लगे! पीछे-पीछे जनता भी चुपचाप गड्ढों में गिरी जा रही थी!बच्चे-बूढ़े मरने लगे! कोई कुछ बोल नहीं पा रहा था! मीडिया के कैमरे चारों तरफ घेरा डाले हुए थे! लोगों को चुपचाप आगे बढ़ने को मजबूर किया जा रहा था!सब खामोशी के साथ आगे बढ़ो! देशहित में कुर्बानियां देनी ही पड़ेगी नहीं तो देश मजबूत कैसे होगा!

जलसा आगे बढ़ता रहा! बच्चे बूढ़े तो लगभग निपट ही लिए! जवान बचे हुए थे!जिसमें महिलाएं भी थी और पुरुष भी!जब घने पहाड़ व जंगलों की घाटियां आने लगी तो इनका धैर्य भी जवाब देने लग गया! मंत्रिमंडल ने कहा कि रानी बटालियन,राजा बटालियन व प्रजा बटालियन घोषित कर दो!सबको लड़ाका घोषित कर दिया! जैसे-जैसे जवान मरते गए वैसे वैसे एकवीर चक्र,महानवीर चक्र आदि घोषित करते गए।

अब मीडिया,मंत्रिमंडल और राष्ट्रपति के रूप में राजपथ पर प्रवेश किया बाकी सब गायब हो गए! राजपथ पर उल्लू बीच मे चल रहा है और मंत्रिमंडल के 50-60सदस्य दोनों तरफ चल रहे है व किनारे-किनारे कैमरे वाले! उल्लू को थोड़ा बहुत शाम होते होते दिखने लगा मगर कैमरे वालों की रोशनी से उनका जी घबरा रहा था।

तभी सामने से 100 की स्पीड से एक ट्रक आ रहा था!मंत्रिमंडल के सदस्य बोले राष्ट्रपतिजी ट्रक आ रहा है।

उल्लू उवाच-हू

तभी पत्रकारों ने बोला कि घबराओ मत इनको सब दिखता है और ये डटकर मुकाबला करेंगे। लाइव टेलीकास्ट चल रहा था और ट्रक के आगे उल्लू व पूरा मंत्रिमंडल निपट गई।

Check Also

babu-kunwar-singh

बाबू वीर कुंवर सिंह

यदि हमें पिछले 200-250 वर्षों में हुए विश्व के 10 सर्वश्रेष्ठ योद्धाओं की सूची बनाने को कहा जाए तो हम अपनी सूची में पहला नाम बाबू वीर कुंवर..